अंबाला के गांव मानकपुर में खेत में काम कर रही युवती से 5-6 आरोपितों ने छेड़छाड़ की। पिता और खेत के मालिक जसवंत ने भी आरोपितों का विरोध किया। गुस्साए आरोपितों ने दोनों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। दोनों को लहूलुहान करके आरोपित फरार हो गए। इसके बाद किसान जसवंत और घायल युवती के पिता को अंबाला शहर जिला नागरिक अस्पताल भर्ती करवाया गया जहां पर दोनों का उपचार चल रहा है।
गांव मानकपुर में शंकर और उसका परिवार किसान जसवंत सिंह के खेतों में काम करता था। बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उसकी बेटी रोजाना की तरह खेत में काम कर रही थी। इस दौरान नशे की हालत में कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। युवती ने बचाव में चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब मौके पर शंकर व जसवंत पहुंचे तो आरोपितों ने उनपर हमला कर दिया। सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपित फरार चल रहे थे।