हरियाणा में यमुनानगर के आजाद नगर में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई थी. यहां बेटी ने अपनी मां के साथ भाई की हत्या कर दी थी. इसके बाद पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए लूटपाट का सीन क्रिएट कर दिया था. दरअसल, लड़की अपना रहन सहन और बर्ताव लड़कों की तरह रखती थी, इसी बात को लेकर उसके परिजन टोकते थे. इसी बात से नाराज लड़की ने वारदात को अंजाम दे दिया. इस मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है.
लड़कों की तरह रहने वाली काजल अपनी मां और भाई से सिर्फ इस वजह से नफरत करती थी, क्योंकि वे उसे लड़कियों की तरह रहने और शादी करने के लिए बोलते थे. नफरत जब हदें पार कर गई तो काजल ने अपने मामा के दो बेटों कृष और ईशांत के साथ मिलकर अपनी मां और सगे भाई की की हत्या कर दी. इस मामले में काजल और कृष को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.
पूछताछ के दौरान अब पुलिस ने नया खुलासा किया है. सिटी एसएचओ जगदीश चंद्र का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने में काजल के मामा के लड़के कृष का बड़ा भाई ईशांत भी शामिल था, लिहाजा उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है. एसएचओ ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया कपड़ा, जिससे मीना और राहुल का गला घोंटा गया और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है.