Ganesh Joshi In Goa : कृषि मंत्री गणेश जोशी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे। वहां उन्होंने सीएम आवास में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत से शिष्टाचार भेंट की। जोशी ने उन्हें उत्तराखंडी टोपी व बद्रीनाथ मंदिर की प्रतिकृति भी भेंट की। दोनों के बीच कई समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे पूर्व एयरपोर्ट पर गोवा के मंडी एवं कृषि विपणन बोर्ड के अतिरिक्त सचिव गौतम बेनी ने जोशी का स्वागत किया। जोशी कौसंब और गोवा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से होने वाले ‘ई-एनएएम परिचालन, कठिनाइयों और अवसरों पर राष्ट्रीय सम्मेलन’ में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इसमें उत्तराखंड के साथ ही विभिन्न प्रदेशों के तीस प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग लेंगे। साथ ही सम्मेलन में छोटे किसान, कृषि-व्यवसाय संघ, कृषि अर्थशास्त्री भी विचार साझा करेंगे।