स्थानीय चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. हरिचंद मिढ्ढा सभागार में 19 जून को सुबह दस बजे पंजीकृत श्रमिकों के सम्मान में श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगेे तथा श्रम मंत्री मूल चंद शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। स्थानीय विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा विशेष रूप से मौजदू रहेंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह भवन एवं अन्य सन्निमार्ग कर्मकार कल्याण बोर्ड के प्रदेशभर के करीब एक लाख पंजीकृत श्रमिकोंं को उनकी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातें में जारी करेंगे। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री अपने संबोधन के माध्यम से प्रदेशभर के श्रमिकों को अपना शुभ संदेश भी देंगे।
ये जानकारी श्रम विभाग के आयुक्त मनीराम शर्मा ने चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय परिसर के डॉ. हरिचंद मिढ़ा सभागार में व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह श्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का प्रदेश के अन्य जिलों में भी सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें श्रमिकों की बेटियों की शादी में कन्यादान राशि, छात्रवृति योजना, ई-श्रमकार योजना, साईकल, स्कूटी व सिलाई मशीन आदि मुहैया करवाना मुख्य रूप से शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हर पात्र पंजीकृत श्रमिक को उनका हक मिले, इसके लिए सभी योजनाओं को उनके आधार कार्ड से जोड़ा गया है। इससे योजनाओं के लाभ का पैसा सीधे श्रमिकों के खातों में जाता है। उन्होंने कहा कि श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह करीब एक लाख पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के लाभ का पैसा उनके खातों में जारी करेंगे।