17 september 2024 holiday : महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को मुंबई में ईद-ए-मिलाद की आधिकारिक छुट्टी 16 सितंबर से बदलकर 18 सितंबर कर दी. आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह निर्णय स्थानीय मुस्लिम समुदाय द्वारा 16 सितंबर के बजाय 18 सितंबर को ईद का जुलूस निकालने का निर्णय लेने के बाद लिया गया. ऐसा इसलिए किया गया जिससे 17 सितंबर को पड़ने वाले गणेश उत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी के दौरान किसी भी असुविधा से बचा जा सके.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने विज्ञप्ति में कहा कि स्थानीय कलेक्टर परिस्थितियों के अनुसार अन्य जिलों में भी ईद की छुट्टियों के पुनर्निर्धारण पर निर्णय ले सकते हैं.
इससे पहले रविवार को महाराष्ट्र कांग्रेस नेता नसीम खान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से ईद-ए-मिलाद के लिए 16 सितंबर के बजाय 18 सितंबर को अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था. उन्होंने अपने पत्र में कहा था, ‘अनंत चतुर्दशी 17 सितंबर को है और मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने 18 सितंबर को ईद-ए-मिलाद जुलूस निकालने का फैसला किया है ताकि दोनों त्योहार धूमधाम और उल्लास के साथ मनाए जा सकें.’