हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू, मतदाता सूचियों को दोबारा अपडेट करने के निर्देश जारी

हरियाणा में करीब तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देश के बाद शुक्रवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में मतदाता सूचियों को दोबारा अपडेट करने के निर्देश जारी कर दिए। प्रदेश में 25 जून से 24 जुलाई तक मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का काम शुरू होगा। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता पहचान पत्रों की गलतियों को सुधारने और लोकसभा चुनाव के बाद जिन मतदाताओं की मृत्यु हो गई, उनके नाम लिस्ट से काटे जाएंगे।

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल नवंबर में पूरा हो रहा है। ऐसे में अक्टूबर के अंत में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के आदेशों के अनुसार, मंगलवार से शुरू होने वाले मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के तहत बीएलओ घर-घर जाएंगे और वेरिफिकेशन करेंगे।