हरियाणा पुलिस का नशा मुक्त पखवाड़ा अभियान, क्रिकेट मैच के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश

हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशे के खिलाफ नशा मुक्त हरियाणा पखवाड़ा अभियान शुरू किया है। जिला पानीपत में अभियान के सफल आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारी थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए है। पुलिस की टीम प्रतिदिन अगल अगल स्थान पर विभिन्न प्रकार के क्रार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर लोगों को जागरुक कर रही है।

इस कड़ी में थाना सदर पुलिस ने वीरवार को रिफाइनरी टाउनशिप में खेल मैदान में आईओसीएल व शहर के एक्सपोर्टर की टीम के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन करवा समाज को नशा मुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री संदीप कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर दोनों टीमों का परिचय ले खिलाड़ियों की होसला अफजाई करते हुए मैच का शुभारंभ किया।

एक्सपोर्टर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन का स्कोर बनाया। जवाब में आईओसीएल की टीम ने 17.1ओवर में 6 विकेट खोकर उक्त लक्ष्य को हासिल कर मैच को जीत लिया। थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश भी आईओसीएल की टीम की और से खेले। उन्होंने 3 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया। इसी प्रकार रवि रंगा ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।

उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार ने इस दौरान संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में किसी लक्ष्य को प्राप्त करना है तो हमे नशे से दूर रहना होगा। नशे से दूर रहेंगे तो जीवन में हर वह लक्ष्य पा सकते हैं जिसकी हम कल्पना करते हैं। नशा एक ऐसी चीज है जो हमारे सपनों को तो खत्म करता ही है साथ ही साथ हमें अंदर से खोखला भी बनाता है। आज का युवा अपने मकसद और अपने सपनों से सिर्फ इसलिए भटक रहा है क्योंकि वह नशे की गिरफ्त में जा रहा है। आज हमें युवा पीढ़ी को नशे से दूर करने की जरूरत है।