हरिद्वार के गंगा घाटों से लेकर गंगोत्री-बदरीनाथ सहित कई शहरों में योग Photos

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बदरीनाथ, गंगोत्री सहित कई शहरों में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंत्रियों सहित भारी संख्या में लोगों ने योग किया। कहना था कि योग से ही निरोग रह सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए हजारों लोगों के साथ योग किया एवं राज्य के साथ ही देश के प्रत्येक नागरिक को योग के प्रति जागरूक ,योग को दिनचर्या में शामिल करने एवं योग के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी को परमार्थ निकेतन द्वारा गंगा पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण आज योग जन जन तक पहुंचा है उन्होंने कहा योग दिवस एक उत्सव के रूप में मनाया जाए एवं लोगों में योग के प्रति उत्साह हो यह सपना अब पूरा होता दिख रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज योग को विश्व के कोने कोने में पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा योग से संपूर्ण शरीर की दिशा एवं दशा बदलती है साथ ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। उन्होंने कहा आदिकाल से ऋषि-मुनियों ने योग को अपनाया है उनकी शक्ति एवं सफलता के पीछे योग एवं ध्यान है।

सीएम धामी ने ऋषिकेश नगरी को योग धर्म संस्कृति आयुष की धरा बताया। उन्होंने कहा जिस तरह ऋषिकेश से मां गंगा पूरे देश को जीवन देने का कार्य करती है, उसी प्रकार ऋषिकेश से योग का संदेश पूरे विश्व में जाता है। उन्होंने कहा योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम  Yoga for humanity भी मनुष्य एवं मानवता हेतु योग के सकारात्मक संकेतों को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की नीति हमेशा से सत्यता एवं न्याय के आधार पर आगे बढ़ने की रही है, उन्होंने कहा हमारा देश मानवता की सेवा का जीता जागता उदाहरण है। कोरोना काल के बाद मेगा वैक्सीनेशन का कार्य भारत वर्ष में चलाया गया, साथ ही मानवता का परिचय देते हुए दुनिया भर में भारत द्वारा वैक्सीन बांटने का कार्य किया गया। भारत ने हमेशा से सभी के सुख और कल्याण की कामना करते हुए सर्वे भवंतू सुखिन, सर्वे संतु निरामया की भावना का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमें उत्तराखंड राज्य को 25वे वर्ष पर योग, संस्कृति, पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसके लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा सभी विभागों को अगले 10 वर्षो के विकास कार्यो का रोडमैप तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा आने वाले समय में ऋषिकेश क्षेत्र में पर्यटन हेतु और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हो इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया था जिस पर केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने हजारों की संख्या में योग करने आए लोगों के उत्साह को नमन करते हुए सभी को धन्यवाद अर्पित किया।  इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने परमार्थ निकेतन स्थित गंगा घाट पर गंगा स्नान किया।

परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि योग की राजधानी के रूप में विश्वविख्यात संतनगरी ऋषिकेश के गंगा के तट से आज योग का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग हमें ऑलनेस, वेलनेस  संदेश देता है, योग एक इंसान को दूसरे इंसान से और जीवमात्र को जीवमात्र  से जोड़ता है।

योग हमारे मन – मस्तिष्क की वर्जनाओं-बाधाओं को दूर करता है तथा सभी को आपस में प्रेम, विश्वास, सद्भाव से जोड़े रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ योग में प्रतिभाग करके यह संदेश दिया कि योग को अपने परिवार के साथ करें।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल , विधायक रेनू बिष्ट , विधायक दुर्गेश्वर लाल , पूज्य साध्वी भगवती, आयुष सचिव डॉ. पंकज पांडे , डीजीपी श्री अशोक कुमार,  प्रो. सुनील कुमार जोशी (कुलपति, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय विधायक ) ,डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी (निदेशक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड) एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हरकी पैड़ी के मालवीय घाट पर योग दिवस मनाया
हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरकी पैड़ी के मालवीय घाट  पर कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री राज्य के कैबिनेट मंत्री, सौरव बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक,  हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक एवं गंगा सभा के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ किया

योग दिवस मनाया
विकासनगर। 
पछुवादून में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को धूमधाम मनाया गया। सुबह साढे छह बजे से लेकर आठ बजे तक जगह जगह लोगों ने सामुहिक रूप से योग किया। कैनाल रोड पर प्राचीन शिव मंदिर में विधायक मुन्नासिंह चौहान के साथ बडी संख्या में लोगों ने योग किया। इसके अलावा वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नतकोत्तर महा विद्यालय डाकपत्थर,सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज यमुना कॉलोनी, अपर जिला एवं सत्र न्ययाधीश कोर्ट विकासनगर सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों सहित कई जगह लोगों ने सामुहिक योग किया।

योग को अपनाकर सेहतमंद बनेगी हर पीढ़ीः रौतेला
हल्द्वानी। 
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रशासन की ओर से मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में योग महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मेयर डॉ.जोगेंद्र सिंह रौतेला ने लोगों से योग को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग को अपनाकर हर पीढ़ी सेहतमंद रह सकती है।

वहीं प्रांतीय युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की पहल पर नवाबी रोड रूद्राक्ष बैंक्वट हॉल में आयोजित योग कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने व्यापारियों के साथ योग किया। उन्होंने लोगों से योग अपनाकर निरोग रहने का आह्वान किया। मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में योगा ट्रेनर डॉ. संयोगिता सिंह ने लोगों को योग कराया। उन्होंने योग की सारी विधियों से लोगों को अवगत कराया।

बताया कि योग सूरज उगने से पहले और सूर्य डूबने के बाद किसी भी समय किया जा सकता है। लेकिन दिन के समय योग न करें। योगासन सुबह के समय करने से अधिक लाभ मिलता है। अगर आप किसी कारण से सुबह योग नहीं कर पाएं तो शाम या रात को खाना खाने से आधा घंटा पहले योग कर सकते हैं।

इस मौके पर जिला नोडल अधिकारी डॉ योगेंद्र सिंह, डॉ. त्रिलोक बिष्ट, डॉ. मीरा बिष्ट, डॉ. रोली जोशी, डॉ. पूनम जंगपांगी, डॉ. शिवानी जोशी, डॉ. बबीता मौजूद रहे। इसके साथ ही समर्पण योग समूह की अध्यक्ष डॉ. आभा सिंह भैसोड़ा की पहल पर आयकर विभाग गौलापार में योग कार्यक्रम आयोजित किया गयि। ब्रीथ योग स्टूडियो ने सुबह 6:45 बजे से वाइट आर्किड कैफ़े कैनाल रोड काठगोदाम में योग कार्यक्रम किया।

एमबीपीजी कॉलेज के बास्केटबॉल ग्राउंड में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत विकास परिषद शाखा हल्द्वानी के तत्वावधान में पालम सिटी रामपुर रोड के पार्क में योग कार्यक्रम हुआ। इसी तरह से योग से जुड़ी तमाम संस्थाओं ने योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से योगा से जुड़ने का आह्वान किया।

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में योग
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में योग दिवस के मौके पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों डॉक्टरों ने रूप से योग दिवस मनाया। इस मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने कहा कि योग जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में योग शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी। यदि मेडिकल कॉलेजों से इस संदर्भ में प्रस्ताव आएगा तो उसमें अमल किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सी एम एस रावत सहित डॉक्टर छात्र मौजूद थे

नैनीताल में योग दिवस पर अधिकारियों ने किया योगासन का प्रदर्शन
नैनीताल। 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नैनीताल में विभिन्न योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिले के समस्त अधिकारियों के साथ ही छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों ने योगासन का प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी बघेल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुना गया। जिसमें उन्होंने देश को संबोधित करते हुए योग करने की अपील की। इस दौरान कुमाऊं विवि के छात्रों के साथ ही शहर के विभन्न स्थानों से पहुंचे लोगों ने योग की विभिन्न मुद्राओं में योगासन किया।

इस बीच योग के कई आसन किए गए। यहां पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में योग की अलख जगाई है। जिसके बाद विश्व स्तर पर योग को विशेष स्थान मिला है। योग शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ्य बनाने में अहम है। उन्होंने कहा कि सभी को रोजाना योग करना चाहिए। जिससे स्वस्थ समाज की परिकल्पना की जा सकती है।

इस मौके पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे, डीएम धीराज गब्र्याल समेत जिले के अन्य अधिकारी शामिल रहे। इधर कुमाऊं विवि के क्रीड़ा विभाग की ओर से भी योग के कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्रीड़ाधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा के नेतृत्व में योगा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा चौहान ने कई योग की विधाएं बताई। साथ ही योग के लाभ भी बताए गए। इस बीच योगा साइंस की छात्राओं ने नैनी झील किनारे योग की मुद्राओं का प्रदर्शन किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया
रामनगर। 
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की नमामि गंगे इकाई द्वारा जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में रामनगर के कोसी बैराज में योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं तथा रामनगर के कई गणमान्य व्यक्तियों द्वारा योग शिविर में अपना  प्रतिभाग किया। इस अवसर पर योगाचार्य श्री कमल पटवाल ने योग करवाया तथा योग से होने वाले लाभों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान करी।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो एम सी पांडे ने आयोजन की सराहना की तथा सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की इस अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर की नमामि गंगे नोडल ऑफिसर डॉ भावना पंत ने सभी प्रतिभागियों  को योग दिवस की शुभकामनाओं के साथ साथ उनके स्वस्थ रहने की भी कामना करी।

केवि-2 हाथीबड़कला में मनाया योग दिवस, मेधावी बच्चे नवाजे
देहरादून। 
केंद्रीय विद्यालय हाथीबड़कला-2 में मंगलवार को विश्व योगदिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर बच्चों को योगाभ्यास कराया गया और योग का महत्व बताया गया।  विद्यालय की शारीरिक शिक्षक रश्मि कुंवर बिष्ट ने कहा कि योग का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। हमें इसे एक दिन न करके जीवन में पूरी तरह से अपनाना चाहिए। योग से हमें स्ट्रेस से मुक्ति मिलती है और हम शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं।

इस मौके पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेता बच्चों के प्रिंसिपल बख्ते मुनीम ने सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर प्रिंसिपल बख्ते मुनीम, एचएम पुष्पा कन्नौजिया, पुष्पलता गोयल, आफरीन रब्बानी, मनीष नौटियाल, चेतन देव, अनिल गौड़, मनीष नौटियाल, रचना, प्रज्ञा रोजलिन, पुष्कर राणा समेत अन्य अध्यापिकाएं और शिक्षक मौजूद रहे।

उत्तराखण्ड के पहले स्मार्ट गांव में योगा करते ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी
मसूरी। 
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी के निकट क्यारकुली गांव में आयुष विभाग की ओर से आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने उपस्थित होकर ग्रामीणों संग योग किया। इस अवसर पर योग शिक्षिका व आईटीबीपी की पूर्व डिप्टी कमांडेंट राजश्री रावत ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों व अन्य को योग करवाया।

इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने योग दिवस पर सभी को बधाई दी व कहा कि योग करने से बिना पैसे व दवा किए कई रोगों से निजात मिलती है व शरीर स्वस्थ्य रहता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी का विशेष आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने यूएनओ में योग को विश्व स्तर पर मनाने व इसे विश्व योग दिवस का दर्जा दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि योग से मन के साथ ही शरीर स्वस्थ्य रहता है। उन्होंने कहा कि योग से असाध्य रोग भी दूर होते है इसलिए सभी को योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग भारत में बहुत पहले से किया जाता है और तक ऋषिमुनि डेढ से दो सौ साल तक जीते थे। मंत्री ने कहा कि क्यारकुली मेरा प्रिय गांव है और इसलिए आज के शुभ दिन के लिए मैंने इस गांव को चुना।

इस मौके पर काबीना मंत्री गणेश जोशी ने योग शिक्षिका राजश्री रावत सहित योग करवाने वालों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया वहीं हाल ही में एवरेस्ट विजेता सविता कंसवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनको सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मसूरी मंडल के अध्यक्ष मोहन पेटवाल, एवरेस्ट विजेता सविता कंसवाल आदि लोग मौजूद रहे।