हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने हाल ही में संत कबीरदास जयंती समारोह में भाग लिया । इस दौरान सीएम ने कहा कि संत कबीरदास जी के 626वें प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेश सरकार की अंत्योदय की भावना को धरातल पर उतारते हुए गरीब व्यक्ति को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए कई घोणाएं की, जिनमें मुख्यतः गोहाना में संत कबीर के नाम से चौक का निर्माण, गोहाना धानक शिक्षा सभा को लाइब्रेरी व लंगर हाल का निर्माण के लिए 31 लाख रुपये की राशि, भूमि उपलब्ध होने पर रोहतक-जींद रोड पर बाईपास का निर्माण और सरकारी नौकरियों में बैकलाग को जल्द से जल्द पूरा किया करना शामिल है। इसके अलावा प्रथम व द्वितीय श्रेणी की पदोन्नति में आरक्षण का लाभ देने के लिए न्यायालय में सरकार द्वारा पूरजोर पैरवी करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री आज सोनीपत के गोहाना में आयोजित राज्यस्तरीय संत कबीरदास जयंती समारोह में जनसमूह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने संत कबीर दास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार संत कबीर दास की शिक्षाओं व दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए सर्व समाज के हित में काम कर रही है। गरीब व्यक्ति को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार ने कई कल्याणकारी य़ोजनाएं चला रखी हैं।
कबीर जी के दोहों के एक-एक शब्द है प्रेरणादायक
उन्होंने कहा कि संत कबीर जी का पूरा जीवन समाज में फैले अंधविश्वास, जात-पात व रूढ़ीवादी परंपराओं को समाप्त करने के लिए समर्पित रहा, ताकि समस्त समाज का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि कबीर जी के दोहों के एक-एक शब्द प्रेरणादायक है और हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाओं में संस्कृति और संस्कार भी है।
कई राजनैतिक दल अपने स्वार्थ के लिए समाज में भेद-भाव फैलाने का कर रहे हैं काम
उन्होंने कहा कि संत कबीर सर्वधर्म संभाव के प्रतीक हैं। हमारे देश में विभिन्न जाति, सम्प्रदायों के मानने वाले लोग रहते हैं और सभी के हृदय में भगवान का वास है। इसलिए हमें बिना भेद-भाव के मानवता से प्रेम करना चाहिए। परंतु उन्हें दुख हैं कि कई राजनैतिक दल महापुरुषों के नाम पर भी राजनीति करके समाज में भेद-भाव फैलाने का काम कर रहे हैं, ताकि वे अपने राजनैतिक स्वार्थ को पूरा कर सके। ऐसे लोगों से सर्तक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के तौर पर सभी संवैधानिक अधिकार देने की रचना करने वाले संविधान निर्माता भारत रत्न डा. भीम राव आंबेडकर के दर्शन को भी उन्होंने नहीं बख्शा और संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया। उन्होंने कहा कि संविधान कोई किताब मात्र नहीं बल्कि भारत माता की आत्मा है, लेकिन राजनैतिक स्वार्थ के लिए गलत प्रचार करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई राजनैतिक दलों को देश में शांति और विकास नहीं भाता है, बल्कि उन्हें भेदभाव व अशांति चाहिए। उनका मानना है कि देश में जितनी अशांति और भेदभाव होगा। उतना ही उन्हें राजनैतिक लाभ मिलेगा। सरकार महापुरुषों की जीवनी व शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कर रही है कार्य मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों की जीवनी व शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने महापुरुष सम्मान प्रचार-प्रसार योजना लागू की है, जिसके तहत महापुरुषों की जंयतियों को सरकारी स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में श्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास, सबका प्रयास के मूल मंत्र को अपनाते हुए देश को आगे बढ़ाया है। उन्हीं से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार ने हरियाणा एक हरियाणवी एक के संकल्प को लेकर अंत्योदय भावना के साथ संवैधानिक व नैतिक दायित्व को निभाते हुए गरीबों के कल्याण के कार्य किए हैं, ताकि वे समाज की मुख्य धारा में जुड़ सकें।