सीएम धामी की घोषणा, पूर्व सैनिक और शहीदों के परिजन फ्री में करेंगे बदरीनाथ दर्शन

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार 12 मार्च को पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी घोषणा की है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के मुताबिक 60 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों और शहीदों के आश्रितों, जिनकी उम्र 60 साल से ज्यादा हो उनको सरकार फ्री में बदरीनाथ धाम की यात्रा कराएगी.

दरअसल, धामी सरकार ने बीते दिनों 22 हजार उपनल कर्मियों का नियमितीकरण करने के लिए ठोस नीति तैयार कराने का फैसला लिया था. उपनल कर्मी लंबे समय से नियमितीकरण करने की मांग कर रहे थे. सरकार के इस फैसले के लिए खुश उपनल कर्मियों ने आज सीएम धामी के लिए अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया था, तभी सीएम धामी ने ये घोषणा की.

सीएम ने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार पूर्व सैनिकों की वीरांगनाओं और बेटियों को ड्रोन दीदी योजना के जरिए ड्रोन संचालन का विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का भी प्रयास करेगी. इस साल से 60 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को निःशुल्क बदरीनाथ यात्रा भी करवाएंगे.

सीएम धामी ने कहा कि वो खुद भी एक फौजी के बेटे हैं. उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवार की समस्याओं और चुनौतियों को नजदीक से देखा है. राज्य सरकार प्रदेश के सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं बलिदानियों के आश्रितों के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.