उत्तराखंड में सरकारी विभागों की विभिन्न भर्तियों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सचिवालय के पास जोरदार प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने सचिवालय से पहले ही बेरिकेडिंग लगाकर रोक जाने से गुस्साए कांग्रेसियों की हल्की नौंक-झौंक भी हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर ही चढ़ कर बैठ गए। इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम के मार्फत राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। कांग्रेस ने सभी भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग की है।
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी ने आज के कार्यक्रम का आह्वान किया था। इस आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, जसपुर विधायक आदेश चौहान समेत तमाम कांग्रेस नेता सुबह ही कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए थे।
कापड़ी ने कहा कि बेरोजगारों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस सदैव संघर्षरत रहेगी। आज प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार, सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, आशा शर्मा डोबरियाल, गरिमा माहरा दसौनी, संजय किशोर, लालचंद शर्मा, संदीप चमोली, राजेश चमोली, अनुज दत्त शर्मा, श्याम सिंह चौहान, परिणिता बडोनी, रीता पुष्पवान, अभिनव थापर, अभिषेक चौहान, प्रदीप थपलियाल, शिवा वर्मा, पंकज क्षेत्री, सुधीर राय, अजय नेगी, आदि शामिल रहे।