रुद्रप्रयाग: श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का वर्णन अब आस्था पथ और मंदिर प्रांगण से भी दिखेगा. जिला प्रशासन की पहल पर जिला पर्यटन विभाग के माध्यम से केदारपुरी में एलसीडी टीवी लगवाए गए हैं. जिसमें बाबा केदार के लाइव दर्शन के साथ-साथ भगवान शिव से जुड़ी कथाएं, उनकी महिमा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रसारित की जाएगी.
देश-विदेश से केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं को हर सुविधा देने को लेकर जिला प्रशासन प्रयासरत है. इसको लेकर जहां पैदल मार्ग में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, वहीं धाम में भी व्यवस्थाओं को बढ़ाया जा रहा है. धाम पहुंचने वाले श्रद्धालु अच्छा संदेश लेकर जाएं, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है. केदारनाथ धाम में यात्रा को भव्य एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक खास पहल की है. अब श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के साथ-साथ उनकी दिव्यता और महिमा का अनुभव मंदिर प्रांगण और आस्था पथ पर भी कर सकेंगे.