रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, राज्य में सबसे गर्म शहर रहा भिवानी

हरियाणा में पिछले दो दिन से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। कुछ शहरों में बारिश से लू का प्रकोप कम हुआ था और अधिकतर शहरों में तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया था। शनिवार को भी कुछ शहरों में बारिश रिकॉर्ड की गई। गुरुग्राम में 4 और मेवात में 12.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। शनिवार को अधिकतम तापमान में औसत वृद्धि 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। राज्य में सबसे गर्म शहर भिवानी रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। रात में सबसे कम तापमान हिसार में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 23 से 25 जून तक तापमान बढ़ेगा। 26 व 27 जून को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 28 से बारिश की तीव्रता में बढ़ोतरी हो सकती है। इसी दौरान मानसून की एंट्री होगी।