हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आज सिरसा जिला में 78 करोड़ रुपये से अधिक की 13 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 10 करोड़ 35 लाख 65 हजार रुपये की लागत की 5 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 67 करोड़ 66 लाख 72 हजार रुपये की लागत की 8 विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार गरीबों व वंचितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वंचितों के उत्थान के लिए क्रियान्वित की गई योजनाओं से उनके जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि व्यवस्थागत परिवर्तन के लिए लिए गए निर्णयों के परिणामस्वरूप अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाए बिना घर बैठे ही योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वृद्धजनों की पेंशन स्वतः बन रही है, तथा गरीब बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों के इलाज व गरीबों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। हरियाणा मुख्यमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना के तहत गरीबों को आवास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
10 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 5 परियोजनाओं का उद्घाटन
श्री नायब सिंह ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की 10 करोड़ 35 लाख 65 हजार रुपये की लागत की 5 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें गांव शेरपुरा में 2 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाला खरीद केंद्र, गांव पन्नीवाला रलदू से पन्ना खोखर तक 2 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़, गांव सुखेरा खेड़ा से आशा खेड़ा तक 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़, गांव नोरंग से असीर तक 1 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ तथा गांव मलिकपुरा से जंडवाला जट्टां से रामपुरा बिश्नोईयां तक 1 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ शामिल हैं।
67 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 8 परियोजनाओं का शिलान्यास
इसी प्रकार, मुख्यमंत्री ने 67 करोड़ 66 लाख 72 हजार रुपये की लागत की 8 विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 24 करोड़ रुपये की लागत से लंबी में बनने वाला राजकीय महाविद्यालय, 14 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से जिले में बनने वाले 26 उप-स्वास्थ्य केन्द्र, 2 करोड़ रुपये की लागत से जनस्वास्थ्य विभाग की 4 ब्लॉक जनस्वास्थ्य इकाइयां, 14 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से अनाज मंडी, सब्जी मंडी और लक्कड़ मंडी का विस्तार, 2 करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक की लागत से गांव धोतर में खरीद केन्द्र, 2 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की लागत से गांव कमाल में खरीद केन्द्र, 3 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की लागत से गांव गिद्दड़ खेड़ा से गंगा से गोदिकां तक बनने वाली सम्पर्क सड़क और 4 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की लागत से रायपुर को ढूकड़ा होते हुए बरूवाली सेकेंड (पंजाब हैड) से जोड़ने वाली परियोजना शामिल है।