सफीदों शहर में मोबाइल की दुकान पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के गांव चितौड़ा निवासी विश्वास कुशवाहा और नंगली निवासी शिवम गुर्जर के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
13 मई को सफीदों शहर की एक मोबाइल फोन की दुकान पर कुछ नकाबपोश युवकों ने फायरिंग की थी और हमलावर मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना शहर सफीदों ने हत्या की कोशिश, साजिश रचने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया था। मामले में एसपी सुमित कुमार ने टीमों का गठन करके आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। टीमों ने आरोपी कमल निवासी साहनपुर, जिला जींद, सागर निवासी पुरानी चुंगी गउशाला रोड सफीदों, राकेश उर्फ मिड्डा निवासी गांव नगूरां, जींद, अजय निवासी मुआना, शिशन निवासी राहड़ा, सौरभ, ऋतिक तोमर निवासी हैदर नगर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था।