जिला अस्पताल में देर रात राउंड पर निकलीं महिला डॉक्टर के साथ एक मरीज की तीमारदार ने गालीगलौज कर डाली। यह तीमारदार महिला बाद में नर्सिंग रूम में भी पहुंच गयी और महिला चिकित्सक को अपशब्द कहते हुये उनसे मारपीट भी कर दी। नर्सों और स्टाफ ने महिला चिकित्सक को बचाया। मामले में आरोपी महिला पर केस दर्ज कर लिया है।
जिला अस्पताल में तैनात स्त्रत्त्ी एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ईशा गुप्ता ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि सोमवार देर रात वह अस्पताल में राउंड पर थीं। इस दौरान वार्ड में मरीजों के आसपास तीमारदारों की भीड़ नजर आयी। बताया कि उन्होंने मरीजों को संक्रमण होने की आशंका जताते हुये तीमारदारों को भीड़ नहीं लगाने को कहा।
बाकी तीमारदार बाहर जाने लगे, लेकिन वार्ड में भर्ती काजल की तीमारदार मुन्नी ने उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। डॉ. ईशा के अनुसार उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह हाथापाई पर उतारू हो गयी। इस पर वह वार्ड से निकलकर नर्सिंग रूम पर चली गयीं।
आरोप है कि मुन्नी उनके पीछे वहां भी आ गयी और आते ही उसने मारपीट शुरू कर दी। नर्सों के रोकने पर आरोपी महिला ने चप्पल निकालकर हाथ में उठा ली और उनसे भी धक्कामुक्की की। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।