भाजपा की उत्तराखंड में को दोहरी जीत हुई है। चंपावत उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी की रिकॉर्ड जीत के बाद राज्यसभा के लिए डॉ. कल्पना सैनी निर्विरोध निर्वाचित हुईं हैं। शुक्रवार को विधानसभा भवन में रिटर्निंग अफसर व विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल ने उन्हें निर्वाचन सर्टिफिकेट सौंपा। अपराह्न पौने चार बजे डा. सैनी भाजपा नेताओं के संग विधानसभा पहुंचे विधिवत निर्वाचन के बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से भेंट कर, कई विषयों पर वार्ता की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने पुष्प गुच्छ भेंट कर कल्पना सैनी को बधाई दी, साथ ही मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। निर्वाचन के बाद कल्पना सैनी ने मीडिया कर्मियों से कहा कि भाजपा संगठन हमेशा आम कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाता है। पूर्व में भी भाजपा ने आम कार्यतर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी हैं। वो भी पार्टी नेतृत्व की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने खुद को उत्तराखंड की बेटी बताते हुए कह कि वो उत्तराखंड के विकास और यहां की समस्याओं का राज्यसभा के मंच पर उठाने का प्रयास करेंगी। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा सहित कई भाजपा नेता और डॉ. सैनी के परिजन शामिल हुए। डॉ. सैनी पूर्व में ओबीसी आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं।