हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब को अपने राज्य का ‘बड़ा भाई’ बताते हुए उससे एसवाईएल नहर के जरिए रावी और ब्यास नदी का पानी साझा करने का आग्रह किया. अमृतसर में स्वर्ण मंदिर की यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह सुझाव दिया. इससे पहले दिन में उन्होंने ब्यास में राधा स्वामी सत्संग का दौरा किया और संप्रदाय प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों से उनके आवास पर मुलाकात की.
दरअसल, हरियाणा ने नहर का अपना हिस्सा बना लिया है, लेकिन पंजाब अपने क्षेत्र में नहर का हिस्सा पूरा करने में अनिच्छुक है. उसका कहना है कि उसके पास पानी नहीं है. एसवाईएल नहर मुद्दे पर पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा, “पंजाब हमारा बड़ा भाई है और बड़े भाई का कर्तव्य है कि वह छोटे भाई को निराश न होने दे.”
पीटीआई के मुताबिक उन्होंने पंजाब और हरियाणा के बीच पारिवारिक बंधन पर भी जोर देते हुए कहा, “पंजाब-हरियाणा एक परिवार है और मैं अपने बड़े भाई से अपील करता हूं कि वह हमारे साथ पानी साझा करें.”