पंजाब में मोहाली सीआईए पुलिस ने हथियारों की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। इस गिरोह ने 9 दिन में दो बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। आरोपियों से लूटी कारें भी बरामद कर ली हैं।
आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह (24), जसपाल सिंह उर्फ जस्स (21) दोनों निवासी गांव बरकंदी जिला बठिंडा, विक्रम सिंह (19), गुरप्रीत सिंह (23) दोनों निवासी गांव चांदीपुर मोहाली, अंगदजोत सिंह पुरी (22) निवासी सेक्टर-35डी चंडीगढ़ व माहिमा खान उर्फ खुशी निवासी बारामूला जम्मू कश्मीर (हाल निवासी सेक्टर-70 मोहाली) के रूप में हुई है। आरोपियों से लूटी हुई महिंद्रा थार, आई-20 कार, एक पिस्टल, एक कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट गाड़ी बरामद हुई है। सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी अर्शदीप सिंह को पुलिस ने गांव बरकंदी जिला बठिंडा से गिरफ्तार किया है। वह अनपढ़ है और पहले भी पंजाब व राजस्थान में अलग-अलग थानों में लूटपाट के 8 मामले दर्ज हैं। वहीं जसपाल सिंह उर्फ जस्स को गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना के पास से गिरफ्तार किया है। जसपाल बीए पास है और शादीशुदा है।
आरोपी विक्रम सिंह को सोहाना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 10वीं पास है और अविवाहित है। आरोपी गुरप्रीत सिंह को बठिंडा से गिरफ्तार किया है। वह 9वीं पास है और अविवाहित है। आरोपी अंगदजोत सिंह को चंडीगढ़ सेक्टर-36 से गिरफ्तार किया है, जो बीए पास है। आरोपी महिमा खान उर्फ खुशी को मटौर से गिरफ्तार किया गया है। वह अनपढ़ है और अविवाहित है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी खुशी मटौर में किराये पर रहती थी।