रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं, लेकिन कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता के लिए सोशल मीडिया पर अफवाह फैला कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं. धाम के तीर्थ पुरोहितों ने इस पर आक्रोश जताते हुए कड़ा विरोध दर्ज किया है. उन्होंने धाम व यात्रा के बारे में फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान ना देते हुए बाबा केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का स्वागत किया.
धाम में व्यवस्थाएं दुरुस्त: वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश पोस्ती ने मीडिया ने कहा कि केदारनाथ धाम में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं. 30 हजार यात्री प्रतिदिन आराम से यहां रह सकते हैं. मंदिर समिति, स्थानीय व्यापारी, तीर्थ पुरोहित समाज और प्रशासन एवं पुलिस श्रद्धालुओं की सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए तत्पर हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें. अब घोड़े- खच्चरों का संचालन भी दोबारा शुरू हो गया है. खास बात यह है कि टोकन सिस्टम लागू होने से श्रद्धालुओं को दर्शन भी आराम से हो रहे हैं. सोशल मीडिया पर घोड़ों का संचालन ना होना, रहने खाने की व्यवस्थाएं ना होना और अन्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं. जिसका तीर्थ पुरोहित समाज ने खंडन किया है.