हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित पंचायत में लिए गए फैसले के अनुसार चरखी दादरी जिले की खापों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल खाप पदाधिकारियों को 9 जून का अल्टीमेटम खत्म होने का इंतजार है और इसके बाद 10 जून को दिल्ली कूच होगा।
इसमें लोगों की अच्छी खासी भागीदारी करने के लिए खाप पदाधिकारी गांवों में निकल चुके हैं। खाप पदाधिकारियों का कहना है कि महिला पहलवानों के यौन शोषण के मामले में बेटियों को न्याय दिलाना और आरोपी सांसद बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग पर वो अडिग हैं। वहीं, गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है कि 4 जून को मुंडलाना में होने वाली महापंचायत में कुरुक्षेत्र महापंचायत में लिए गए फैसले पर अगली रणनीति तैयार की जाएगी।