खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर अपने ग्रह क्षेत्र उधम सिंह नगर के खटीमा पहुंचे. सीएम धामी ने खटीमा में 213 फीट राष्ट्रीय ध्वज का शिलान्यास किया. जिसके बाद उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने वीर नारियों, वीरांगनाओं को सम्मानित करते हुए कई घोषणाएं भी की.
कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि, आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन जिस समर्पण और सेवा-भावना के साथ हमारे शहीदों के परिजनों और वीरांगनाओं के लिए कार्य कर रही है, वो निस्संदेह प्रशंसनीय है. साथ ही सेवा-संकल्प धारिणी फाउंडेशन ने भी हमारे राज्य में सेवा और संवेदना की जो मिसाल प्रस्तुत की है, वो भी अनुकरणीय है. इसके लिए इन दोनों संस्थाओं से जुड़े सभी सदस्यों को साधुवाद है.
सीएम धामी ने कहा कि, आज मैं वीर सैनिकों को अपना आदर्श मानकर राष्ट्र सेवा में अपना यथासंभव योगदान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा हूं. एक सैनिक पुत्र होने के नाते, आज मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों को देखकर अत्यंत हर्ष का अनुभव होता है. आज भारतीय सेना को प्रत्येक क्षेत्र में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. जिसके परिणामस्वरूप भारत न केवल अपनी रक्षा जरूरतों में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है. बल्कि विभिन्न देशों को रक्षा सामग्री निर्यात करने में भी नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है. हमारी सरकार ने जहां एक ओर शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया है. वहीं, सेना में परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक सभी वीरता पुरस्कारों से अंलकृत सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त और वार्षिकी राशि में भी अभूतपूर्व वृद्धि की है. इसके साथ ही, हमनें बलिदानियों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित करने का भी निर्णय लिया है और सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने की अवधि को भी 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दिया है.