केदारनाथ के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग जोड़ने का काम शुरू, सर्वेक्षण के लिए दल को भेजा गया

केदारनाथ तक पहुंच के लिए वैकल्पिक मार्गों की तलाश के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। चौमासी-निवतर-रेका धार-रामबाड़ा और रेकाधार-केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा संचालन की संभावनाओं को लेकर लोनिवि, वन, राजस्व और भू-वैज्ञानिकों की संयुक्त टीम मार्ग सर्वेक्षण के लिए रवाना हो गई है।

कई बिंदुओं पर फोकस करेगा दल

यह दल दोनों मार्ग पर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने के साथ ही मार्ग पर चढ़ाई, पानी की उपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं का भी जायजा लेगा। दल की रिपोर्ट के आधार पर मार्गों को विकसित करने के लिए योजना बनाई जाएगी। बता दें कि कालीमठ घाटी के जनप्रतिनिधि व जनता जून 2013 की आपदा के बाद से केदारनाथ को इन मार्गों से जोड़ने की मांग करती आ रही है।