उत्तराखंड में मई तक 7 हजार आंगनबाड़ी-सहायिका को दी जाएगी नियुक्ति पत्र, अगली कैबिनेट बैठक में आएगी महिला नीति

देहरादून: उत्तराखंड में 7 हजार आंगनबाड़ी और सहायिका पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है. महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य की मानें तो आगामी 20 अप्रैल तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. जबकि, मई की शुरुआत में सभी को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे. इसके अलावा उन्होंने आंगनबाड़ी वर्करों को जल्द मोबाइल और सरकारी सिम की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा.

महिला नीति तैयार, जल्द कैबिनेट में रखा जाएगा: दरअसल, आज यानी 8 अप्रैल को महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली. बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि प्रदेश की महिला नीति लगभग तैयार कर ली गई है. अगली कैबिनेट बैठक में इसे रखा जाएगा. इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ में किए गए संशोधनों को भी कैबिनेट से जल्द अप्रूव कराया जाएगा.

7 हजार पदों पर चल रही आंगनबाड़ी और सहायिका की भर्ती: उन्होंने बताया कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में करीब 7000 पदों पर आंगनबाड़ी और सहायिका की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है. बैठक में उन्होंने इस प्रक्रिया को 20 अप्रैल तक पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को दिए. उन्होंने बताया कि नई नियुक्त होने वाली वर्करों को मई महीने के शुरुआत में नियुक्ति पत्र दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है.