हरियाणा : NDA को 2 से 4 सीटों का नुकसान, INDIA ब्लॉक खोल सकता है खाता

लोकसभा चुनाव 2024 के सात चरणों का मतदान शनिवार 1 जून को पूरा हो गया. सातवें और आखिरी चरण में आठ राज्यों की 57 सीटों पर वोट डाले गए. अब सबको इंतजार है 4 जून का, जब लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे. लेकिन नतीजों से पहले आप आजतक (AajTak) पर चुनावों के सबसे सटीक एग्जिट पोल देख रहे हैं. इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार हरियाणा में NDA को 6 से 8 सीटें मिलती दिख रही हैं. जबकि, INDIA ब्लॉक को 2 से 4 सीटें मिल रही हैं. वोट शेयर की बात करें तो एग्जिट पोल में NDA को 48 फीसदी और INDIA ब्लॉक को 44 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है.

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान हुआ. जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव और फरीदाबाद लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए. हरियाणा में 2024 के लोकसभा चुनाव में 64.80% मतदान दर्ज किया गया. राज्य में 2019 में 70 फीसदी मतदान हुआ था. हरियाणा में 2019 में सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी. इस बार किसान आंदोलन के कारण कांग्रेस को कई सीटों पर अपनी जीत की उम्मीद है. दूसरी ओर दुष्यंत चौटाला की पार्टी के बीजेपी की राज्य सरकार से अलग होने के बाद भी राज्य के समीकरण बदलने का अनुमान है. 4 जून को मतगणना के बाद स्थिति साफ हो पाएगी.