हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी, नायब सिंह सैनी सरकार ने किया इतने पदों पर भर्ती का एलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में 50,000 रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के नए अध्यक्ष हिम्मत सिंह के शपथ ग्रहण समारोह से इतर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह रोजगार प्रदान करने और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत किया जाएगा.

हरियाणा के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता सिंह को मुख्यमंत्री ने पद की शपथ दिलाई. सैनी ने सिंह को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी लगन से निभाएंगे और राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे. मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों के लिए पारदर्शी भर्ती प्रणाली को जारी रखने पर जोर दिया.

‘योग्यता के आधार पर दी हैं नौकरियां’
सैनी ने कहा कि राज्य सरकार 50,000 नए नौकरियां प्रदान करने जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं.