हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए BJP की बनी रणनीति, रविंद्र पनियाला BSP छोड़ भाजपा में शामिल

हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान से पहले भाजपा अपना कुनबा लगातार बढ़ाती जा रही है। बसपा के कद्दावर नेता रविंद्र पनियाला समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। बुधवार पूर्वाह्न पनियाला बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। वहां भाजपाइयों की तरफ से गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पनियाला और उनके समर्थकों को पट्टका पहना कर पार्टी की सदस्यता दिलाई। पनियाला भाजपा, बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार खानपुर से लगभग 32 हजार वोट पाने में कामयाब रहे।

इस दौरान पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में सीएम धामी ने शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत किया और कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण को कदम उठा रही है। समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी से पंचायत चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

पूर्व सीएम निशंक ने कहा कि पनियाला के परिवार में वापसी से पार्टी को बड़ी ताकत मिली है। निश्चित ही पार्टी पंचायत चुनाव में रिकार्ड जीत दर्ज करेगी। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि हर कार्यकर्ता का पार्टी परिवार में सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरिद्वार में बूथस्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

भाजपा में शामिल होने वालों में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लोकेंद्र कुमार के साथ ही चौधरी रणवीर सिंह, निर्दोष कुमार, महिपाल सिंह आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान आदि मौजूद रहे।

भाजपा के अतिरिक्त कहीं भी सम्मान नहीं:पनियाला
भाजपा नेता रविंद्र पनियाला ने कहा कि मैं भाजपा का बहुत पुराना कार्यकर्ता रहा हूं। कुछ कारणों से पहले चला गया था। अब चारों तरफ देख लिया, जो सम्मान भाजपा में है वह दूसरे दलों में कहीं भी नहीं है। आज यदि हम भाजपा में अपना समय लगाएंगे हमें नहीं तो अगली पीढ़ी को अवश्य लाभ मिलेगा।

कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की नीतियों में स्पष्टता है। कहीं कोई संदेह नहीं है। भाजपा दबे-कुचले, गरीब, दलित, वंचित, शोषित, पीड़ित वंचित लोगों का हक दिलाने का काम कर रही है। मैंने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव भी भाजपा से लड़ा भी था। आज हर आदमी भाजपा में चुनाव लड़ने के लिए आ रहा है, लेकिन हम मिलजुलकर काम करेंगे।

खानपुर सीट पर भाजपा में पहले से कुंवर प्रणव चैंपयिन की दावेदारी के सवाल पर पनियाला ने कहा कि पार्टी का जो भी आदेश होगा, वे उसका पालन करेंगे। निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि निर्दलीय चुनाव लड़ने वाला महत्वकांक्षी कहां हो सकता है, उन्हें तो सिर्फ अपने लोगों को थामने के लिए चुनाव लड़ना पड़ता है।