लोकसभा चुनाव रिजल्ट 2024 से पहले हरियाणा BJP में अंदरुनी हलचल तेज

हरियाणा में लोकसभा चुनाव परिणाम आने से पहले ही मुख्य राजनीतिक दल बीजेपी और कांग्रेस में अंदरुनी घमासान मचा हुआ है। बीजेपी के पास रोजाना प्रत्येक लोकसभा हलके से प्रत्याशियों और उनके चुनाव प्रभारियों की से पार्टी के साथ धोखा करने शिकायतें आ रही हैं। ऐसी 60 से अधिक शिकायतें बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुकी हैं। वहीं, अब कांग्रेस में भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। 25 मई को राज्य में लोकसभा की 10 सीटों पर मतदान के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में सभी प्रत्याशियों, कलस्टर इंचार्ज और लोकसभा संयोजकों और प्रभारियों की बैठक ली थी। इस बैठक में भी कई शिकायतें आई थीं। इसके बाद सीएम ने सभी प्रत्याशियों से लिखित में फीडबैक मांगा था। बीजेपी मुख्यालय के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सीएम के पास पार्टी के एक-दो नहीं, बल्कि 60 से अधिक वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ या तो चुनावों में असक्रिय रहने या फिर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ ही काम करने की शिकायतें पहुंची हैं। इनमें बीजेपी संगठन के पदाधिकारी ही नहीं, कई मौजूदा, पूर्व मंत्रियों और विधायकों के भी नाम शामिल हैं। इतना ही नहीं, बीजेपी के कई जिलाध्यक्ष भी पार्टी पदाधिकारियों के निशाने पर हैं।

हैरानी की बात यह है कि कई जिलाध्यक्षों पर पार्टी की ओर से चुनाव मैनेजमेंट के लिए लगाई गई अहम जिम्मेदारी में भी कोताही बरतने के आरोप हैं। इनमें कुछ पर वित्तीय गड़बड़ के भी आरोप लगे हैं। उधर, शुक्रवार को सीएम हाउस में हुई बैठक में सभी जिला अध्यक्षों ने अपनी रिपोर्ट दे दी, लेकिन कई जगहों पर प्रत्याशियों ने जिला अध्यक्षों पर भी आरोप लगाए हैं।