यूपी के माफियाओं से मिलकर बेची नौकरियां, STF खोलेगा कई राज

 परीक्षा का पेपर लीक धामपुर बिजनौर के एक मकान में कराया गया था। वहीं कई अभ्यर्थियों को ले जाकर पेपर याद कराया गया और बाद में उन्हें गाड़ियों से सेंटरों पर छोड़ा गया।  एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक हाकम सिंह ने पूछताछ में यूपी के कई बड़े लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में यूपी में एसटीएफ की टीम काम कर रही है।

यूपी के बिजनौर के धामपुर में एक मकान में दो गाड़ियों से अभ्यर्थियों को ले जाया गया था। यहां पर करीब 30 अभ्यर्थी थे। उन्हें अलग-अलग कमरों में पेपर के प्रश्न बताए और याद कराया गया। वहीं शिक्षक तनुज शर्मा के घर पर भी 20-22 लड़कों को यह पेपर परीक्षा से एक रात पहले याद कराया गया। तनुज शर्मा भी धामपुर गया था।

हाकम ने यूपी से हासिल किया परीक्षा का पेपर! 
हाकम सिंह को पेपर यूपी के लोग उपलब्ध कराते थे, प्रारंभिक जांच में ऐसी जानकारी सामने आई है। एसटीएफ हाकम द्वारा बताए गए यूपी के लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। उत्तर प्रदेश के कई नकल माफिया एसटीएफ के रडार पर हैं। वहीं जिस कंपनी की जिम्मेदारी पेपर उपलब्ध कराने की होती है, वह भी शक के दायरे में है। यूपी एवं एमपी में कंपनी के टेंडरों की जांच कराई है।

दोनों प्रदेशों में कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। शिक्षक तनुज शर्मा के तार भी यूपी से जुड़े बताए गए हैं। एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक पेपर का क्या सोर्स है, यह कहां से लीक हुआ, इसको लेकर दो लोगों के नाम सामने आए हैं। प्रिंटिंग प्रेस या अन्य किसी ने पेपर उपलब्ध कराया, इसकी भी जांच कराई जा रही है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद पूरी स्थिति क्लीयर हो जाएगी।

सोशल मीडिया में निशाने पर हाकम, एसटीएफ की वाहवाही 
सोशल मीडिया पर हाकम सिंह को लेकर लोग काफी गुस्से में दिखाई पड़ रहे हैं। हाकम सिंह के फोटो प्रयोग करके बैकग्राउंड में गाना लगाकर कई तरह के मीम्स बनाए जा रहे हैं, जो काफी वायरल हो रहे हैं।  प्रदेश के एक पूर्व सीएम, कई बड़े नेताओं, बड़े पुलिस अफसरों के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं।

वहीं उत्तरकाशी में उनके द्वारा शूट कराए गए गानों के कुछ अंश भी लोग शेयर कर रहे हैं। उधर, एसटीएफ की टीम की एसएसपी अजय सिंह की अगुवाई में विपिन बहुगुणा, नरोत्तम बिष्ट, दिलबर नेगी, उमेश कुमार आदि की तारीफ लोग कर रहे हैं।

हाकम ने कहा, रंजिश में फंसाया जा रहा है
हाकम सिंह प्रेस वार्ता के दौरान रौब में दिखाई दिया। पहले तो वह मीडिया से बात करने से मना करता रहा। लेकिन उसे फंसाने के सवाल पर कहा कि राजनीतिक व्यक्ति हूं तो राजनीतिक रंजिश तो है ही। उसी के तहत उसे फंसाया जा रहा है। जांच में सब साफ हो जाएगा। यह सब कांग्रेस के दबाव में किया जा रहा है। कांग्रेस के दबाव वाले बयान पर हॉल ठहाकों से गूंज उठा।