कांग्रेस पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे गुटबाज और बयानबाज नेताओं को कांग्रेस गांधीगिरी के फार्मूले से सबक सिखाएगी। अब से जिस भी दिन कोई शीर्ष नेता पार्टी लाइन से हटकर बयान देगा, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा या वरिष्ठ पदाधिकारी उसके घर जाकर उसे फूलों को गुलदस्ता देंगे।
कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी के इस सुझाव पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी मुहर लगा दी है। दोपहर दो बजे से शाम करीब छह बजे तक चली बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। लेकिन बड़े नेताओं के विवाद का विषय छाया रहा।
डॉ. जोशी ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता बहुत बड़े नेता हो चुके हैं। उन पर कार्रवाई तो हो नहीं पाती। इसलिए उन्हें उनके कामों के लिए ग्लानि की भावना जगाने के लिए उनके घर जाकर गांधीवादी तरीके से फूल दिए जाएं और अहसास कराया जाए कि उनकी वजह से पार्टी को कितना नुकसान हो रहा है।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ताहिर अली ने कहा कि जैसे ही हम नए लोगों को जोड़ने का प्रयास करते हैं तब तक शीर्ष स्तर पर विवाद शुरू हो जाते हैं। हरिद्वार के जिलाध्यक्ष धर्मपाल और रुड़की के कलीम अहमद ने चुनाव के वक्त पार्टी में आने वाले नेताओं पर सवाल उठाया। कहा कि बडे़ नेता ऐसे लोगों को ले आते हैं और फिर ये लोग बाद में क्या करते हैं किसी से छिपा नहीं है।
ऐसे लोगों को तरजीह देने वालों की जांच होनी चाहिए। आउटरीच कमेटी के अध्यक्ष धीरेद्र प्रताप ने कहा कि वर्तमान विधानसभा चुनाव कांग्रेस जीतते जीतते हार गई। रात दिन जब भी दुख होता है मुंह से एक ही वाक्य निकलता है, हे भगवान इन लोगों ने बेडा गर्क कर दिया। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने सभी को बीती बातों को भुलाकर एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
अध्यक्ष माहरा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर नई ताकत के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाईकमान के आदेश के अनुसार मैं कांग्रेस को लीडर आधारित नहीं बल्कि कैडर आधारित पार्टी का रूप दे रहा है। इससे कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। मेरे लिए किसी नेता का नहीं बल्कि कार्यकर्ता का महत्व है।
करन ने कहा कि मैं टिकट की गारंटी तो नहीं दूंगा लेकिन पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता को सर्वोच्च सम्मान की गारंटी अवश्य लेता हूं। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष के सुझाव को स्वीकार करते हुए कहा कि वो स्वयं ऐसे नेताओं के घर जाकर फूल देंगे।
जिनको टिकट दिया, उन्हें दीजिए यात्रा की जिम्मेदारी
कांग्रेस अपने उदयपुर सम्मेलन के संकल्प के तहत नौ अगस्त से सात दिवसीय भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू करने जा रही है।। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने विस्तार से इसकी जानकारी दी। हालांकि कांग्रेस के कुछ नेता इस यात्रा की जिम्मेदारी संगठन पर लादने से खुश नहीं दिखे। दून के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि जिन लोगों को विस चुनाव में टिकट दिया गया था, उन्हें यात्रा की अगुवाई करनी चाहिए। कई नेताओं ने लालचंद की बात का समर्थन किया।
पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने एक बार पार्टी में एकजुटता का मुद्दा उठाया। कहा कि भारत जोड़ों के साथ साथ कांग्रेस जोड़ो अभियान की भी जरूरत है। आज एक सोशल मीडिया पर कुछ कहता तो दूसरा उसका खंडन करने आ जाता है।
शीर्ष नेताओं को इस और गभीरता बरतनी चाहिए।