पूर्व सीएम हरीश रावत ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक पर तोड़ी चुप्पी, कहा-पूर्व अध्यक्ष एस राजू की प्रतिष्ठा की रक्षा न कर पाया उत्तराखंड

स्नातक स्तरीय भर्ती घपले में पूर्व सीएम हरीश रावत ने राज्य में माफिया संस्कृति पर सवाल उठाते हुए यूकेएसएसएससी के पूर्व अध्यक्ष एस. राजू का बचाव किया है। रावत ने रविवार सुबह अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखी पोस्ट में कहा कि राजू एक बहुत ही कर्मठ, नियमों का पालन करने वाले, ईमानदार अधिकारी हैं।उन्होंने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को व्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास किया। राज्य में प्रभावी माफिया संस्कृति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिनमें एक सवाल आयोग पर भी उठा है। बकौल रावत, गहरा दु:ख है कि उत्तराखंड राजू जैसे कर्मनिष्ठ अधिकारी की प्रतिष्ठा की रक्षा नहीं कर पाया और उन्हें बीच सेवाकाल में ही इस्तीफा देना पड़ा।

मगर आयोग में आपके समय में किए गए संस्थागत बदलावों को राज्य हमेशा याद रखेगा। हालांकि इस पोस्ट पर रावत काफी ट्रोल भी हो रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर ने तीखी टिप्पणियां दर्ज की है।