लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों (4 जून) से पहले एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ चुके हैं. इन नतीजों में बीजेपी के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाता नजर आ रहा है.
हरियाणा की बात की जाए तो इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक हरियाणा में NDA को 6 से 8 सीटें मिलती दिख रही हैं. जबकि, INDIA ब्लॉक को 2 से 4 सीटें मिल रही हैं. वोट शेयर की बात की जाए तो एग्जिट पोल में NDA को 48 फीसदी और INDIA ब्लॉक को 44 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है.
इस राज्य की हॉट सीट की बात की जाए तो हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट का मुकाबला बेहद रोमांचक है. इस सीट को मशहूर उद्योगपति और BJP उम्मीदवार नवीन जिंदल ने ‘हॉट’ बना दिया है. उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के सुशील गुप्ता से है. हरियाणा के अंदर कांग्रेस-AAP के गठबंधन में यह इकलौती सीट AAP के खाते में आई है. ऐसे में देखना बेहद रोमांचक होगा कि क्या कांग्रेस और AAP मिलकर बीजेपी के नवीन जिंदल को मात दे पाते हैं. हालांकि, इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के EXIT POLL में नवीन जिंदल को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है.